Friday, July 24, 2015
संभावना
संभावनाओ का
जब हो जाए अंत
तब भी एक
संभावना उपजती है
आखिर इंसानी प्यास
कब बुझी है ?
इंसानी प्यास
एक जिजीविषा है
जीने की विषम
परिसतिथियों में
वरना न इंसा होता
न यह दुनिया होती ।
गम और उदासी की
लपेटे चादर,
मन मस्तिशक के
कर कपाट बंद
इंसा न स्वयं जी पाएगा
न किसी को जीने देगा ।
याद रखना सदा
छोटी – छोटी बात पर
रोता कल्पता
इंसान मन में
वितृष्णा भर देता है ।
वही लबों पर
हंसी की
छोटी सी लहर
अँधेरों में भी
प्राची की नवकिरण का
एहसास करा जाती है ।
निर्भर है तुम पर
मिटा दो अपनी दुनिया
निज हस्तों से
या रजो-गमों से बेखोफ
जुट जाओ
मंजिल की तलाश में ।
Sunday, July 19, 2015
पुस्तकें मेरा जीवन
पुस्तकें मेरा जीवन
मेरे जैसे व्यक्ति जो पुस्तकों में अपनी खुशियाँ खोजते ही नहीं पाते भी हें, के लिये पुस्तकों से बढ़कर मित्र, हमसफर, हमराही कोई दूसरा नहीं है । पुस्तकें हंसाती भी है और रुलाती भी है । कभी-कभी मन मस्तिष्क को झिझोड़कर कुछ कर गुजरने के लिये भी प्रेरित करती है।
पुस्तकें है तो आप एकाकी नहीं...अवसादग्रस्त हों, उदास हो या मनभटक रहा हो तो उठा लीजिये मनपसंद पुस्तकें...अवसाद भाग जाएगा, उदासी का नामोनिशान नहीं रहेगा तथा मन एकाग्र हो जाएगा ।
पुस्तक प्रेमी के लिये पुस्तक नहीं तो कुछ भी नहीं...एकांत उसे दबोचेगा नहीं, कोलाहल परेशान नहीं करेगा । उम्र का कोई भी पड़ाव हो,पुस्तकों से नाता मत तोड़िए ...जीवन रसमय, शांतिमय एवं मधुर होता जाएगा ।
Saturday, May 9, 2015
जीवन अनंत
अपनी बात
जीवन अनंत है, निरंतरता ही जीवन है...जीवन में अनेक उतार चढ़ाव आते है, कभी अपनों के द्वारा दिये दुख की पीड़ा हमें सोने नहीं देती तो कभी सुख के पल अपनों से दूर होने की वजह बनते जाते है...दूरी और क्षणिक दुख की पीड़ा तो इंसान सह भी ले पर जो पीड़ा जब-तब इंसान की किसी कमी की ओर इंगित करते हुए पैदा की गई हो,जिस पर इंसान का कोई वश न हो...मर्मांतक होती जाती है ।
इंसानी जीवन की सबसे बड़ी कमी है विकलांगता... इस कमी से पीड़ित व्यक्ति को न केवल अपने कार्यकलापों में अनेकों प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है वरन दुनिया की हीन दृष्टि से भी दो चार होना पड़ता है...अगर उसे अपने घर वालों का सहयोग मिलता है तो वह काफी हद तक सामान्य जीवन जीने का प्रयास करता हुआ जीवन में आगे बढ़ता जाता है वना उसका जीवन अबूझ ससर की अंधेरी सुरंगों में खोने लगता है...ऐसा व्यक्ति न केवल स्वयं के लिए वरन समाज के लिए भी बोझ बनने लगता है...समाज की दूषित सोच, यह सोच या समझ नहीं पाती कि अगर व्यक्ति की एक इंद्रिय कम नहीं करती तो उसकी अन्य इंद्रियाँ अधिक सक्रिय होती जाती है, अगर उसे उसकी सामर्थ्य के अनुसार कार्य करने का अवसर प्रदान किया जाये तो वह अद्भुत कार्य कर सकता है ।
यह तो हुई विकलांगता की बात पर अगर कोई स्वस्थ व्यक्ति केवल रंगभेद, नस्लभेद या बलात्कार के कारण अपनों तथा समाज की दुर्भावना का शिकार होकर अपना आत्मविश्वास खोने लगे तो यह हमारी खोखली सोच को ही दर्शाता है...ऐसे इंसान को हेय या दया दृष्टि से देखना...उसे अपने परिवार का अंश मानने से इंकार करना एक एसी मानसिकता है जो मानव दर्शन और जीवन के सिद्धांतों के विपरीत है...मानव जीवन समानता के सिद्धांतों पर खड़ा है...व्यक्ति को समान अधिकार मिले, यह प्रत्येक इंसान का मौलिक अधिकार है फिर विरोधाभास क्यों ?
Wednesday, April 15, 2015
मेरा गाँव मेरा शहर
मेरा गांव मेरा देश
पनघट पर
हँसी छिछोरी करती गोरियाँ
टपकते नलों पर इंतज़ार करती
नर नारियों की टोलियाँ ।
साधनहीन चेहरों पर
श्रमबिंदुओं से उत्पन्न तेजस्विता,
जीवन की भागदौड़ से त्रस्त
चिंतामगन निस्तेज चेहरे ।
जीवनदायिनी हवाओं से
प्रफुल्ललित जन-जीवन
गरम प्रदूषित हवाओं के
थपेड़ों से घायल तन-मन ।
दूध और दही से सराबोर
अलमस्त जीवन,
जाम और कोक को
समर्पित निःसहाय लोग ।
जीवन रसमय रागात्मक
लोकगीतों से गुंजायमान घर-घर
डिस्को की धुन पर थिरकते
दिग्भ्रमित युवक युवतियाँ ।
जीवनमूलयों को सहेजते
सीधे-सादे चेहरे,
आदर्शो की धज्जियाँ उड़ाते
अर्ध नग्न रैन बसेरे ।
सुन ले गुन ले
सौ टके की बात
रूक जा मन बाबरे
शहर की ओर मत भाग।
शहर में तू, तू न रहेगा
गाड़ियों की रेल पेल में दब कर,
भूल जायेगा निज अस्तित्व
चलेगा पर निर्जीव सा ।
सुधा आदेश
Tuesday, April 14, 2015
ज़िंदगी
अच्छे बुरे पलों का जोड़ है ज़िंदगी
संगीत नहीं गणित सी कठोर है ज़िंदगी ।
पल कभी टीस देते हैं, कभी ख़ुशी
घबराना नहीं,बौराना नहीं,निचोड़ है ज़िंदगी ।
सहेजना उन्हीं पलों को जो देते हैं ख़ुशी
रजनीगंधा सी महकती जायेगी ज़िंदगी ।
ख़ुशियों को बाँटो,हर पल को जिओ
रूको न कभी,खुदा की इनायत है ज़िंदगी।
ज़िंदगी का फ़लसफ़ा गर समझ पाते
बेगानी नहीं,अपनी सी,इंद्रधनुषी लगेगी ज़िंदगी ।
सुधा आदेश
Saturday, March 28, 2015
Thursday, January 22, 2015
ख़्वाहिश
लहू के आँसू पीकर
तमाम उम्र गुजार दी,
अब तो बाग के फूल भी
कांटे बन चुभने लगे है ।
तिल-तिल जलें भी
तो आखिर कब तक,
ज़िंदगी, ज़िंदगी नहीं
सजा बन चुकी है ।
कहने को मिला है
सोने का महल...
पर कैद खाने
कम नहीं ।
जीना आसान नहीं
पढ़ा था किताबों में,
दुश्वार इतना होगा
समझ अब पाये है।
समझोता करते-करते
कब तक जिये हम,
आखिर कोई तो हो
जिसे अपना कह सकें हम।
नहीं मिली ज़िंदगी
मेरे साथ मेरे कर्म ,
पल भर मिली खुशी
संतुष्टि बने मेरी ।
शिकवा- शिकायतें भूल
लम्हा-लम्हा गुजरे
ज़िंदगी के
चंद दिन यूँ ही ।
अंतिम ख़्वाहिश यही,
न रहे बदले की भावना,
न रहे कोई चाहना
मुक्ति मिले निर्दोष दीप सी।
Subscribe to:
Posts (Atom)